नारनौल | साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : मोबाइल हैक कर ऑनलाइन ठगी करने वाला निजी बैंक का सेल्स ऑफिसर गिरफ्तार
नारनौल। साइबर थाना नारनौल की पुलिस टीम ने ऑनलाइन साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक निजी बैंक के सेल्स ऑफिसर (मैनेजर) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी गौरव के रूप में हुई है, जो जालंधर के फुटगल चौक स्थित एक निजी बैंक शाखा […]

नारनौल। साइबर थाना नारनौल की पुलिस टीम ने ऑनलाइन साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक निजी बैंक के सेल्स ऑफिसर (मैनेजर) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी गौरव के रूप में हुई है, जो जालंधर के फुटगल चौक स्थित एक निजी बैंक शाखा में सेल्स ऑफिसर (मैनेजर) के पद पर कार्यरत था।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देशानुसार तथा एएसपी फैजल खान के नेतृत्व में साइबर थाना पुलिस लगातार साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस को इस मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार 27 दिसंबर को शिकायतकर्ता के इंडसइंड बैंक खाते से मोबाइल हैक कर बैंक एप्लीकेशन के माध्यम से 50 हजार 500 रुपये की ऑनलाइन साइबर ठगी की गई थी। ठगी की गई राशि का उपयोग बैंक के एक क्रेडिट कार्ड का बिल भरने में किया गया। शिकायतकर्ता ने जब अपनी ट्रांजैक्शन हिस्ट्री की जांच की तो उसमें क्रेडिट कार्ड धारक के मोबाइल नंबर के साथ आरोपी गौरव का मोबाइल नंबर भी दिखाई दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि संबंधित क्रेडिट कार्ड एक महिला के नाम पर रजिस्टर्ड था, जबकि उसमें उसके पति का मोबाइल नंबर अटैच था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह कम समय में अधिक पैसे कमाने के लालच में एक ऐसे व्यक्ति के संपर्क में आया था, जो लोगों के मोबाइल फोन हैक कर ऑनलाइन रकम निकालता था और क्रेडिट कार्ड का बिल भरवाने पर 20 प्रतिशत कमीशन देता था। आरोपी अपना कमीशन काटकर बाकी रकम आगे ट्रांसफर कर देता था।
मामले की गहन जांच के बाद पुलिस ने 3 जून को आरोपी गौरव को उसके बैंक से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।



